राजस्थान के सीकर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां रामगढ़ शेखावाटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित बुडानिया के पिता महावीर प्रसाद का निधन हो गया। सदीनसर गांव के पास उनकी कार और एक तेज रफ्तार ट्रक के बीच इतनी भयानक टक्कर हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस घटना के बाद पुलिस महकमे और मृतक के परिवार में शोक की लहर है।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय महावीर प्रसाद सोमवार रात अपनी कार से फतेहपुर से झुंझुनूं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ थाना क्षेत्र के सदीनसर गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। इस हादसे में कार सवार महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए और गाड़ी के अंदर ही फंस गए।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
एक्सीडेंट की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने भारी मशक्कत के बाद घायल महावीर प्रसाद को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और आनन-फानन में फतेहपुर के सरकारी अस्पताल लेकर गए। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सेना से रिटायर्ड थे महावीर प्रसाद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) तेजपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान झुंझुनूं जिले के शीतसर गांव निवासी महावीर प्रसाद (62) के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। उनके पुत्र अमित बुडानिया वर्तमान में झालावाड़ जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात हैं। इस दुखद खबर के मिलते ही उनके परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया है।
पुलिस ने खुलवाया जाम, ट्रक चालक की तलाश तेज
हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया।
फिलहाल, पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की सघन जांच हो रही है। टक्कर मारने वाले ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।