जयपुर के विश्वकर्मा (VKI) थाना क्षेत्र में मल्होत्रा नगर निवासी महेश मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ है। जिस मामले को पत्नी सामान्य तबीयत खराब होना बता रही थी, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वह साजिश और हत्या के संगीन आरोपों में बदल गया है।
दवा दिलाने के बहाने निकली, मंदिर के पास जहर देने का आरोप
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 5 अगस्त को महेश की पत्नी कविता उसे दवा दिलाने का बहाने बनाकर घर से लेकर निकली थी। परिजनों को बताया गया था कि दोनों बोराज जा रहे हैं, लेकिन आरोप है कि वह बोराज जाने के बजाय पहले अपने पीहर पहुंची।
इसके बाद कविता ने कथित तौर पर अपने परिचित गणेश से संपर्क किया। आरोप है कि इसके बाद दोनों 'नई का नाथ' मंदिर पहुंचे, जहां गणेश अपने दो साथी अजय मीणा और गोलू प्रजापत के साथ पहले से मौजूद था। परिजनों को आशंका है कि इसी दौरान महेश को कोई जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
14 नंबर पुलिया का CCTV फुटेज बना टर्निंग पॉइंट
घटनाक्रम में सबसे अहम मोड़ विश्वकर्मा इलाके की 14 नंबर पुलिया के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से आया।
-
फुटेज में शाम करीब 5 बजे दो बाइकों पर तीन युवक और कविता, महेश को वहां लाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
-
वीडियो में महेश की हालत बेहद नाजुक दिख रही है और वह बेसुध व तड़पते हुए नजर आ रहा है।
-
फुटेज में यह भी देखा गया कि महेश को कुछ देर सड़क किनारे लावारिस हालत में रखा गया और साथ आए लोग वहां से हटते नजर आए।
पत्नी ने गढ़ी थी मनगढ़ंत कहानी
शुरुआत में कविता ने ससुराल वालों को गुमराह करते हुए बताया था कि श्याम नगर स्थित 200 फीट चौराहे के पास अचानक महेश की तबीयत खराब हुई और वह बेहोश हो गया। उसने दावा किया था कि वह अकेले ही महेश को बाइक पर अपने पीछे दुपट्टे/कपड़े से बांधकर घर ला रही थी और हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसने 14 नंबर पुलिया के पास बाइक रोकी थी।
पिता ने खुद जुटाई फुटेज, 12 दिन बाद खुला राज
महेश की मौत के करीब 12 दिन बाद उसके पिता बाबूलाल ने सच्चाई जानने के लिए खुद घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जब फुटेज में कविता के साथ तीन अन्य युवक नजर आए, तो पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
पिता बाबूलाल ने युवकों की पहचान गणेश (कथित प्रेमी), अजय मीणा और गोलू प्रजापत के रूप में की है। इसके बाद पिता की शिकायत पर वीकेआई थाना पुलिस ने पत्नी कविता और तीनों युवकों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब विसरा रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है।