पितृ पक्ष के दौरान चंबल नदी में तर्पण करने गए एक पटवारी के साथ बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। शहर के घंटाघर इलाके के रहने वाले 60 वर्षीय पटवारी मोहनलाल गुप्ता चंबल नदी में तर्पण करते समय अचानक गहरे पानी में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। दुखद पहलू यह है कि आज ही उनका रिटायरमेंट था और ऑफिस में उनकी विदाई की तैयारियां चल रही थीं।
पैर फिसला या मगरमच्छ ने खींचा?
जानकारी के अनुसार, मोहनलाल गुप्ता बुधवार सुबह करीब 10:05 बजे अपने बेटे चित्रांश और एक दोस्त के साथ चंबल नदी किनारे पितरों का तर्पण करने पहुंचे थे। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रदीप नेहरा ने बताया कि पूजा-अर्चना के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया। इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि कोई मगरमच्छ उन्हें पानी के अंदर खींच ले गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
आज ऑफिस में थी विदाई पार्टी
इस घटना ने पूरे परिवार और विभाग को झकझोर कर रख दिया है। मोहनलाल गुप्ता की उम्र 60 वर्ष पूरी हो चुकी थी और आज ही उनके रिटायरमेंट के मौके पर कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित होना था। लेकिन इस समारोह से चंद घंटे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
3 महीने पहले ही की थी बेटी की शादी
परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक मोहनलाल के परिवार में पत्नी, एक बेटा चित्रांश और बेटी लवी है। महज 3 महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी। उनका बेटा चित्रांश पोस्ट ऑफिस में संविदाकर्मी के तौर पर काम करता है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
मोहनलाल गुप्ता का करियर भी विवादों में रहा था। उन्हें पूर्व में दो बार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने ट्रैप किया था, जिसके चलते वे लंबे समय तक सस्पेंड भी रहे थे। इस वजह से परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। घर का खर्च चलाने और परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए उनकी पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।
सिविल डिफेंस और गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले सागरपाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत नदी में तलाश शुरू की गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए अब सिविल डिफेंस की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। पुलिस अधिकारी और परिजन भी चंबल किनारे मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। फिलहाल मोहनलाल गुप्ता का कोई सुराग नहीं लग सका है।