कोटा शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं के बीच नयापुरा थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा इलाके में शनिवार को एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल और भाजपा विधायक कल्पना देवी के आवास से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात में बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार नेहरू कॉलोनी निवासी फैजान खान उर्फ सन्नी शनिवार को घर से चक्की पर आटा लेने के लिए निकला था। इसी दौरान दोस्तपुरा इलाके में उसके पड़ोसी विट्टू और फरान ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

युवक पर 8 से 10 वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने चाकू निकालकर फैजान पर हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे, पीठ और हिप पर 8 से 10 वार किए गए। गंभीर रूप से घायल फैजान को परिजनों और पुलिस की मदद से तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जान बचाने के लिए दुकान तक भागा

घायल के चाचा राजा ने बताया कि हमला अचानक हुआ। जान बचाने के लिए फैजान पास की एक दुकान तक पहुंच गया, लेकिन आरोपी वहां भी उसका पीछा करते हुए पहुंच गए और हमला जारी रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ बदमाश लंबे समय से लोगों में दहशत फैलाए हुए हैं।

पहले भी की गई थी शिकायत

परिजनों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी नयापुरा थाने में शिकायत दी जा चुकी थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी आक्रोश देखा गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि घायल और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है।

बढ़ती चाकूबाजी से चिंता

शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि यह वारदात शहर के वीआईपी क्षेत्र में हुई, जहां जनप्रतिनिधियों के आवास भी मौजूद हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।