कोटा में दिनदहाड़े चाकूबाजी: विधायकों के घर के पास युवक पर 10 वार, गंभीर घायल
कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित दोस्तपुरा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
कोटा शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं के बीच नयापुरा थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा इलाके में शनिवार को एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल और भाजपा विधायक कल्पना देवी के आवास से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात में बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार नेहरू कॉलोनी निवासी फैजान खान उर्फ सन्नी शनिवार को घर से चक्की पर आटा लेने के लिए निकला था। इसी दौरान दोस्तपुरा इलाके में उसके पड़ोसी विट्टू और फरान ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
युवक पर 8 से 10 वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने चाकू निकालकर फैजान पर हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे, पीठ और हिप पर 8 से 10 वार किए गए। गंभीर रूप से घायल फैजान को परिजनों और पुलिस की मदद से तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।