भगत सिंह सेना (BSS) के प्रमुख नरेश मीणा ने पांचना बांध के पानी को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान देते हुए कहा कि कुछ नेता इस मुद्दे पर दो समाजों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि उनका उद्देश्य समाज को बांटना है, समाधान निकालना नहीं।

नरेश मीणा शनिवार को देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के स्याला-सुखपुरा गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों, पानी और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।

"पानी के लिए भीख मांग लूंगा, समाज को नहीं लड़ाऊंगा"

नरेश मीणा ने कहा कि यदि संघर्ष करना है तो किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पांचना बांध के पानी को लेकर दोनों समाजों को आपस में बैठकर संवाद और समझौते के जरिए समाधान निकालना चाहिए।

उन्होंने कहा, "अगर मुझे अवसर मिला तो पानी के लिए भीख मांग लूंगा, लेकिन समाजों को आपस में लड़ाने का काम कभी नहीं करूंगा।"

कमांड एरिया और ऊपरी क्षेत्र दोनों को मिले पानी

उन्होंने सुझाव दिया कि बांध के ऊपरी क्षेत्र में बसे लोगों को लिफ्ट सिस्टम के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए, वहीं कमांड एरिया के किसानों को भी उनका अधिकार मिले।

नरेश मीणा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीसलपुर बांध का पानी जयपुर और अजमेर तक पहुंच रहा है, लेकिन देवली-उनियारा क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।

किसानों को संगठित होने का आह्वान

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र को कुछ चुनिंदा नेताओं के प्रभाव से मुक्त कराने की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं के पास वास्तविक जनसमर्थन नहीं है, वे किसानों और समाजों पर प्रभाव बनाए हुए हैं।

उन्होंने किसान समुदायों से जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

"मैं जोड़ने की राजनीति में विश्वास रखता हूं"

नरेश मीणा ने कहा कि उनकी राजनीति समाज को जोड़ने की है, तोड़ने की नहीं। उन्होंने कहा कि समाजों के बीच भाईचारा बना रहना चाहिए और किसान अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें।

धार्मिक कार्यक्रम में हुए शामिल

गौरतलब है कि स्याला-सुखपुरा गांव में इन दिनों पंचकुंडात्मक राम महायज्ञ का आयोजन चल रहा है। कार्यक्रम के तहत सीताराम मंदिर के शिखर प्रतिष्ठा, कलश स्थापना तथा हनुमान, गणेश और शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है।

इस अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा में नरेश मीणा के साथ पूर्व विधायक रामनारायण मीणा, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष मुकेश मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।