पांचना के पानी पर समाजों को न लड़ाएं, जरूरत पड़ी तो पानी के लिए भीख मांग लूंगा: नरेश मीणा
भगत सिंह सेना (BSS) प्रमुख नरेश मीणा ने पांचना बांध के पानी को लेकर चल रहे विवाद पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि कुछ नेता दो समाजों को आपस में लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
भगत सिंह सेना (BSS) के प्रमुख नरेश मीणा ने पांचना बांध के पानी को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान देते हुए कहा कि कुछ नेता इस मुद्दे पर दो समाजों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि उनका उद्देश्य समाज को बांटना है, समाधान निकालना नहीं।
नरेश मीणा शनिवार को देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के स्याला-सुखपुरा गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों, पानी और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
"पानी के लिए भीख मांग लूंगा, समाज को नहीं लड़ाऊंगा"
नरेश मीणा ने कहा कि यदि संघर्ष करना है तो किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पांचना बांध के पानी को लेकर दोनों समाजों को आपस में बैठकर संवाद और समझौते के जरिए समाधान निकालना चाहिए।