राजधानी जयपुर के मालवीय नगर स्थित गौरव टावर (GT) के सामने एक युवती द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 9 जून की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो अब सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जवाहर सर्किल थाना पुलिस के अनुसार युवती हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है और अपने दोस्तों के साथ जयपुर घूमने आई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय वह नशे की हालत में थी। आरोप है कि उसने कैब से उतरने के बाद वाहन का शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

पुलिस के मुताबिक युवती 8 जून को अपने दोस्तों के साथ जयपुर पहुंची थी। अगले दिन सुबह वह होटल से कैब लेकर घूमने निकली। गौरव टावर पहुंचने पर वह कैब से उतर गई और वहां विवाद की स्थिति बन गई।

आरोप है कि युवती ने कैब चालक के साथ गाली-गलौज की, उसकी शर्ट फाड़ दी और मारपीट भी की। चालक ने उसे समझाने और वापस वाहन में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख वह वहां से चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने हाथ में पत्थर भी उठा रखा था। कुछ लोगों ने उसे शांत कराने की कोशिश की तो वह उनकी ओर भी आक्रामक हो गई। घटना के दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा, जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जयपुरिया अस्पताल के अपराजिता सेंटर में भर्ती कराया। अगले दिन स्थिति सामान्य होने पर युवती ने पुलिस को बताया कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। उसने मेडिकल जांच कराने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस ने मामले में कैब चालक से भी पूछताछ की है। युवती 10 जून को हिमाचल प्रदेश लौट गई थी। फिलहाल पुलिस सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।