देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में 24 घंटे में 172 मिमी बारिश, रेड अलर्ट जारी
महाराष्ट्र में मानसून के सक्रिय होने के बाद मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में लगातार भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 172 मिमी बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से समुद्र तट और तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
भारी बारिश के कारण चर्चगेट स्टेशन के पास पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अंधेरी सब-वे में जलभराव के चलते रास्ता बंद करना पड़ा, जबकि नवी मुंबई में पानी में करंट फैलने से दो छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं।
राजस्थान और दिल्ली में देर से पहुंचा मानसून
मानसून ने इस बार 7 दिन की देरी से राजस्थान और 5 दिन की देरी से दिल्ली में दस्तक दी। दिल्ली में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। वहीं राजस्थान के जयपुर, दौसा समेत 25 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में तेज बारिश, कई जगह हादसे
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। इंदौर में बारिश के दौरान एक कार नाले में गिर गई, जबकि सीहोर में तेज बहाव में बाइक बह गई। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 100 से 200 मिमी तक बारिश की संभावना जताई है।
उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा रोकी गई
लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है। बागेश्वर जिले में पेड़ गिरने से कई मार्ग भी बाधित हो गए हैं।
बिहार, यूपी और झारखंड में बिजली गिरने से मौतें
बिहार और उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से तीन-तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि झारखंड में दो लोगों की जान चली गई। उत्तर प्रदेश के ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी भर गया। आजमगढ़ सहित कई शहरों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जुलाई को छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, गोवा, केरल, तमिलनाडु, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।
बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा में तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति अभी भी बनी रह सकती है।
5 जुलाई तक पूरे देश में फैल सकता है मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की प्रगति तेज बनी हुई है और यदि मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है। ऐसे में अधिकांश राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।