पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। मंगलवार देर रात मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस बिल्डिंग के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे। हादसे में दम घुटने से 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। राहत और बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

नींद में थे लोग, धुएं से घुटा दम

 जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 1:45 बजे भड़की। उस वक्त होटलों में ठहरे ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। आग लगने के बाद पूरी इमारत में तेजी से धुआं भर गया, जिससे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला और उनका दम घुटने लगा।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो महिलाएं और एक 4 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। रेस्क्यू के दौरान सभी पीड़ित बेहोशी की हालत में मिले थे। मरने वालों में भारतीय नागरिकों के साथ-साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आई भारी दिक्कतें

आग की भयावहता की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, स्थानीय पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट (आपदा प्रबंधन) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। इमारत में घने धुएं का गुबार होने के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत अभी भी काफी गर्म है, इसलिए दमकल विभाग द्वारा 'कूलिंग' का काम लगातार जारी है।

सुरक्षा नियमों की उड़ी धज्जियां, शॉर्ट सर्किट की आशंका

 पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह 'शॉर्ट सर्किट' मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

मंत्री ने बताया कि इमारत के अंदर की स्थिति बेहद खराब और डरावनी थी। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि बिल्डिंग मैनेजमेंट ने बुनियादी सुरक्षा मानकों और निर्माण नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया था। इसके अलावा, होटल के संचालन में भी कई तरह की गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इस बीच, वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के भी हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचने की संभावना है।

मालिक फरार, न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज

इस बड़े अग्निकांड के बाद से ही इमारत का मालिक फरार है। पुलिस ने न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी मालिक की गिरफ्तारी के लिए उसके आवास सहित कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आग लगने के सटीक कारणों और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गहन जांच कर रही है।

दो दिन पहले बीरभूम में भी हुआ था ऐसा ही हादसा

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। महज दो दिन पहले बीरभूम जिले में प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में भी भयंकर आग लग गई थी। उस दर्दनाक हादसे में भी 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। उस घटना में भी आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया गया था।