प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में देशवासियों की जिम्मेदारी और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक संकट के समय भारत के लोगों ने अपने व्यवहार में बदलाव कर देशहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि लोगों ने सोना खरीदने से परहेज किया, विदेश यात्राएं टाल दीं और कारपूलिंग के साथ-साथ मेट्रो एवं बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश पर संकट आया, तब आम हिंदुस्तानी ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास किसी भी चुनौती का सामना करने की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि वे अनावश्यक रूप से सोना न खरीदें और विदेश यात्राओं से बचें। उन्हें खुशी है कि बड़ी संख्या में लोगों ने इस अपील का पालन किया।

'छोटे-छोटे कदमों ने देश को दी बड़ी ताकत'

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति सोना खरीदने का फैसला टालता है, विदेश यात्रा स्थगित करता है या अपनी कार में पड़ोसी को साथ लेकर दफ्तर जाता है, तो यह केवल उसकी व्यक्तिगत बचत नहीं होती, बल्कि देश की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के ऐसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव लाते हैं।

कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मिला बढ़ावा

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बताया कि उन्हें देशभर से कारपूलिंग के कई प्रेरणादायक अनुभव मिले हैं। एक ही दिशा में जाने वाले लोग मिलकर एक वाहन का उपयोग करने लगे हैं। इसके अलावा मेट्रो और बसों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बदलाव ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और यातायात प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

'मेड इन इंडिया' C295 विमान पर जताया गर्व

प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में भारत में निर्मित C295 विमान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह विमान भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमता और आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजबूत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि C295 परियोजना से एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से जुड़े छोटे और मध्यम उद्योगों को भी नए अवसर मिले हैं, जिससे देश का रक्षा विनिर्माण क्षेत्र और अधिक मजबूत हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब रक्षा उत्पादन और एयरोस्पेस तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और 'मेड इन इंडिया' उत्पाद वैश्विक स्तर पर देश की नई पहचान बन रहे हैं।