Mann Ki Baat: पीएम मोदी बोले- संकट के समय देशवासियों ने बदली आदतें, सोना नहीं खरीदा, विदेश यात्रा टाली और अपनाई कारपूलिंग
मन की बात' के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक संकट के दौरान देशवासियों की जिम्मेदारी और एकजुटता की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में देशवासियों की जिम्मेदारी और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक संकट के समय भारत के लोगों ने अपने व्यवहार में बदलाव कर देशहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि लोगों ने सोना खरीदने से परहेज किया, विदेश यात्राएं टाल दीं और कारपूलिंग के साथ-साथ मेट्रो एवं बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश पर संकट आया, तब आम हिंदुस्तानी ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास किसी भी चुनौती का सामना करने की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि वे अनावश्यक रूप से सोना न खरीदें और विदेश यात्राओं से बचें। उन्हें खुशी है कि बड़ी संख्या में लोगों ने इस अपील का पालन किया।
'छोटे-छोटे कदमों ने देश को दी बड़ी ताकत'
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति सोना खरीदने का फैसला टालता है, विदेश यात्रा स्थगित करता है या अपनी कार में पड़ोसी को साथ लेकर दफ्तर जाता है, तो यह केवल उसकी व्यक्तिगत बचत नहीं होती, बल्कि देश की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के ऐसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव लाते हैं।