बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस युवती को मृत मानकर उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, उसी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने से पूरे मामले में बड़ा मोड़ आ गया। वीडियो में युवती ने खुद को जिंदा बताया है और दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।

समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की गढ़सिसई पंचायत के भजनगामा गांव की रहने वाली अनीसा कुमारी 21 जून को दवाई लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने जमीन विवाद के चलते अपहरण की आशंका जताई। पुलिस ने 23 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान बेगूसराय जिले के गढ़पुरा क्षेत्र में तालाब के किनारे बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने शव की पहचान अनीसा कुमारी के रूप में की। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया।

हालांकि, सोमवार 29 जून को दाह संस्कार से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें अनीसा ने खुद को जीवित बताया। वीडियो में उसने अपनी तस्वीर भी साझा की और कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। उसने यह भी दावा किया कि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है और किसी ने उसका अपहरण नहीं किया।

वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। युवती की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है और उसे कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराया जाएगा।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यदि अनीसा जिंदा है, तो बेगूसराय में मिला शव आखिर किस युवती का था। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।