कोटा। राजस्थान के कोचिंग शहर कोटा से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर आई है। JEE की तैयारी कर रहे 18 साल के छात्र ईशान पालीवाल की शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। ईशान मध्य प्रदेश के भोपाल का रहने वाला था और पिछले दो साल से अपनी मां के साथ कोटा में किराए के फ्लैट में रहकर कोचिंग कर रहा था।पुलिस के अनुसार घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित रॉयल इंपीरियल मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की है। ईशान नौवीं मंजिल से नीचे गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।ईशान के पिता विवेक पालीवाल भोपाल में इंजीनियर हैं और आनंद नगर, रायसेन रोड स्थित बी-2 सिद्धार्थ लेक सिटी में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वे कोटा के लिए रवाना हो गए हैं। मां तारा पालीवाल के साथ मौके पर मौजूद थीं, लेकिन सदमे में उनकी हालत इतनी खराब हो गई है कि वह बोल भी नहीं पा रही हैं। डॉक्टरों ने उन्हें सेडेटिव दिया है। पिता के पहुंचने के बाद शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है या यह दुर्घटना थी, इसकी गहन जांच कर रही है। डीएसपी योगेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिल्डिंग की बालकनी, बाहरी हिस्सों और संदिग्ध जगहों का मुआयना किया। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही फ्लैट के अंदर की स्थिति भी जांची जा रही है। फॉरेंसिक टीम (FSL) ने भी मौके से जरूरी सैंपल और सबूत इकट्ठे किए हैं।गौरतलब है कि कोटा में पिछले कुछ सालों में कोचिंग स्टूडेंट्स के साथ इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा है।