जयपुर में सड़कों पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। टोंक फाटक पुलिया पर बाइक पर खड़े होकर स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने हाथ जोड़कर अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का भरोसा दिया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक बेहद खतरनाक तरीके से बाइक चलाता नजर आ रहा था। वीडियो में युवक हेलमेट पहने हुए बाइक पर खड़ा होकर चल रहा था और उसने अपने दोनों हाथ हेलमेट के पीछे रखे हुए थे। इस दौरान वह आसपास से गुजर रहे लोगों की जान जोखिम में डालता दिखाई दिया।

बजाज नगर थाना प्रभारी (SHO) पूनम चौधरी ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टोंक फाटक पुलिया के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके आधार पर बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की पहचान की गई और आरोपी तक पहुंच बनाई गई।

जांच के बाद पुलिस ने शास्त्री नगर निवासी जाकिर (35) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने जाकिर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उसने कहा कि उसने लापरवाही में ऐसा किया और आगे से कभी इस तरह की गलती नहीं करेगा।