विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जा रहा है। क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमें इस मैच के साथ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत कर रही हैं।
टॉस के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही है और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी। उन्होंने बताया कि भारती फुलमाली को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है। भारत तीन स्पिनरों और दो मीडियम पेसरों के साथ मैदान में उतरा है।
वहीं पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा कि यदि उनकी टीम टॉस जीतती तो वह भी पहले बल्लेबाजी ही चुनती। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इस मुकाबले में भी बेहतर खेल दिखाने का प्रयास करेगी।
भारतीय टीम के पास अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन है। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज और ऋचा घोष जैसी बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती देने की क्षमता रखती हैं। वहीं दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल और अरुंधति रेड्डी पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी।
अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक 16 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 13 और पाकिस्तान ने केवल 3 मैच जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने आई हैं, जहां भारत ने 6 और पाकिस्तान ने 2 मुकाबले अपने नाम किए हैं। 2024 के टी20 विश्व कप में भी भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
भारत की प्लेइंग इलेवन: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रुबाब और सादिया इकबाल।