IND vs PAK Women’s T20 World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान महामुकाबला आज, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करेगी टीम इंडिया
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जा रहा है।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जा रहा है। क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमें इस मैच के साथ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत कर रही हैं।
टॉस के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही है और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी। उन्होंने बताया कि भारती फुलमाली को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है। भारत तीन स्पिनरों और दो मीडियम पेसरों के साथ मैदान में उतरा है।
वहीं पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने कहा कि यदि उनकी टीम टॉस जीतती तो वह भी पहले बल्लेबाजी ही चुनती। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इस मुकाबले में भी बेहतर खेल दिखाने का प्रयास करेगी।