नई शुरू हुई बीकानेर-साबरमती दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को पहली बार जालोर रेलवे स्टेशन पहुंची। यह मौका जालोर के एक परिवार के लिए बेहद खास और भावुक बन गया, क्योंकि ट्रेन को चला रहे लोको पायलट तेज कुमार अपने गृह जिले पहुंचे थे। स्टेशन पर मौजूद परिजनों और शहरवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हाल ही में रेल मंत्री द्वारा राजस्थान और गुजरात के यात्रियों की सुविधा के लिए बीकानेर-साबरमती दैनिक एक्सप्रेस सेवा शुरू की गई है। रविवार को इस ट्रेन को बीकानेर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ट्रेन जब जालोर स्टेशन पहुंची तो इसे चला रहे लोको पायलट तेज कुमार को देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

स्टेशन पर तेज कुमार के पिता थानाराम मेघवाल, माता, बहन, बहनोई और अन्य परिजन पहले से मौजूद थे। ट्रेन के रुकते ही परिवारजनों ने माला पहनाकर और साफा बांधकर उनका स्वागत किया। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

तेज कुमार मूल रूप से जालोर जिले के आहोर क्षेत्र स्थित वादनवाड़ी गांव के निवासी हैं। उनका चयन वर्ष 2019 में भारतीय रेलवे में लोको पायलट के पद पर हुआ था। वर्तमान में वे जोधपुर मंडल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, तेज कुमार का विवाह करीब चार वर्ष पहले जालोर जिले के मालपुरा गांव में हुआ था। नई ट्रेन सेवा के साथ अपने गृह जिले तक ट्रेन लेकर पहुंचना उनके लिए भी गर्व और खुशी का क्षण रहा।

बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस के संचालन के साथ जहां यात्रियों को नई सुविधा मिली है, वहीं जालोर के लोगों के लिए यह दिन इसलिए भी खास बन गया क्योंकि जिले के एक बेटे ने नई ट्रेन को अपने शहर तक पहुंचाकर गौरव का एहसास कराया।