मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद राजघराने से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राजपरिवार की बहू योगिता सिंह को गोली लगने के बाद परिवार के भीतर चल रहा विवाद चर्चा का विषय बन गया है। मामले में पुलिस ने रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की कथित गर्लफ्रेंड सुनीता परिहार को गिरफ्तार किया है।

घटना 11 जून की दोपहर परसमनिया गढ़ी में हुई। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल योगिता सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

7 साल पहले शुरू हुई विवाद की कहानी

जानकारी के अनुसार, योगिता सिंह और रूपेंद्र सिंह का वैवाहिक जीवन पहले सामान्य था। दोनों का एक 20 वर्षीय बेटा भी है। परिवार के करीबी लोगों का दावा है कि करीब सात साल पहले रूपेंद्र सिंह की जिंदगी में सुनीता परिहार की एंट्री हुई, जिसके बाद पति-पत्नी के रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं।

बताया जा रहा है कि कुछ वर्षों तक रूपेंद्र और सुनीता साथ रहे, जबकि योगिता अपने बेटे के साथ अलग रहती थीं। बाद में सुनीता के परसमनिया गढ़ी में रहने आने के बाद विवाद और गहरा गया।

समझौते की कोशिश के बीच हुआ विवाद

योगिता सिंह का मायका राजस्थान के उदयपुर में है। परिजन वैवाहिक विवाद सुलझाने के उद्देश्य से नागौद पहुंचे थे। गढ़ी में बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

योगिता की मां नरेंद्र कुमारी का आरोप है कि विवाद के दौरान उनकी बेटी को कमरे से बाहर निकाला गया और बाद में फायरिंग की गई। उन्होंने दावा किया कि कुल नौ राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली योगिता के पेट में लगी।

पुलिस ने गर्लफ्रेंड को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने सुनीता परिहार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी राइफल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

थाने में मुस्कुराती दिखी आरोपी

गिरफ्तारी के बाद सुनीता परिहार की तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वह थाने में मुस्कुराती नजर आईं। इसे लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं और आरोपी को विशेष सुविधा देने के आरोप लगाए हैं।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग जानबूझकर की गई या किसी विवाद के दौरान अचानक गोली चली। साथ ही घटना के समय मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

राजघराने से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और फायरिंग की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच से सामने आएंगे।