राजस्थान के पाली जिले के सोजत क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 11 साल के मासूम बच्चे की कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के नाम पर हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दावा किया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी और एक कथित तांत्रिक ने उसे “नरबलि” देने की सलाह दी थी। इसी अंधविश्वास के चलते उसने गांव के ही एक बच्चे को निशाना बनाया।

मदरसे से लौटते वक्त गायब हुआ बच्चा

जानकारी के अनुसार बच्चा गुरुवार दोपहर मदरसे से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही एक परिचित युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बाद में गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब के पास झाड़ियों में बच्चे का शव मिला। उसके हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे और गला काटा गया था।

घटनास्थल पर मिले तंत्र-मंत्र से जुड़े सामान

पुलिस को मौके से टूटा हुआ मटका, लाल कपड़ा, लकड़ी की बल्ली और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली है। एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं प्रारंभिक जांच में मामला तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ा माना जा रहा है।

आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद खुद परिवार के पास पहुंचा और मासूम की हत्या की जानकारी दी। शुरुआत में वह खुद को अनजान दिखाने की कोशिश करता रहा, लेकिन बाद में पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खून लगे कपड़े बदल दिए थे। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पहले भी कर चुका था ऐसी हरकतें

ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी पहले भी हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है। करीब दो साल पहले उसने गांव में एक बछड़े का गला काट दिया था और बाद में एक गोवंश को भी नुकसान पहुंचाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि उस समय सख्त कार्रवाई होती तो शायद यह घटना नहीं होती।

गांव में आक्रोश, आरोपी परिवार को बाहर करने की मांग

घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी परिवार को गांव से बाहर करने की मांग उठाई है। सर्व समाज की बैठक में घटना की निंदा करते हुए दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की गई।

पुलिस कर रही तांत्रिक की तलाश

सोजत पुलिस और शिवपुरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं। डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उस कथित तांत्रिक की भी तलाश की जा रही है जिसने युवक को उकसाया था। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।