पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और डोडा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। आमने-सामने हुई फायरिंग में एक तस्कर घायल हो गया, जबकि दूसरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं उनके अन्य साथी डोडा से भरी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रानी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडा तस्कर नाडोल क्षेत्र से होकर गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने देर रात नाडोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

तड़के एक स्कॉर्पियो तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन वाहन में सवार तस्करों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इस दौरान दूसरा तस्कर अपने घायल साथी को बचाने और पुलिस का मुकाबला करने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। हालांकि उनके अन्य साथी डोडा से भरी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार तस्करों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना कौन है।

घायल तस्कर को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच रानी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।