बीकानेर में सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से रैली निकालकर कलक्ट्रेट तक मार्च किया और जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान आरएलपी नेताओं ने कई अहम मुद्दों को उठाया, जिनमें पार्टी संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कथित कमी, पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाएं, किसानों की समस्याएं, नकली बीज के मामले और कथित रिश्वत प्रकरण शामिल रहे।

नेताओं ने आरोप लगाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में आरएलपी नेता दानाराम घिंटाला, विजयपाल बेनीवाल, विवेक माचरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया था, जिसके तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीन पीएसओ को हटा दिया गया था। इसके बाद उनकी सुरक्षा में नागौर जिला पुलिस के जवानों की तैनाती की गई। इस फैसले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी।

हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षा की मांग नहीं की थी। वहीं, पिछले दिनों उनके बयानों और महापंचायत के दौरान दिए गए कथित विवादित बयान के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल और गरमा गया है।

नोट.. खबर अपडेट की जा रही है।