राजस्थान में आयोजित एलडीसी (लिपिक ग्रेड द्वितीय) भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर पेपर बाहर ले जाने और नकल कराने की आशंका का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। घटना के बाद प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। वहीं कांग्रेस और एनएसयूआई ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

केंद्र पर सुरक्षा बढ़ाई, बाहरी लोगों की एंट्री बंद

विवाद सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा कड़ी कर दी। मुख्य गेट पर ताला लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा

संभावित पेपर लीक के मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार पर सवाल उठाए। तीनों नेताओं ने मामले की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि इस तरह की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

रिलीवर ड्यूटी और सीसीटीवी पर उठे सवाल

शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश विश्नोई ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा पसंदीदा शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। उन्होंने इस वर्ष आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में बार-बार रिलीवर बनाए गए कर्मचारियों की जांच की मांग की।

वहीं कांग्रेस नेताओं और स्थानीय संगठनों ने सवाल उठाया कि परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे या नहीं। यदि कैमरे चालू थे तो उनकी फुटेज अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। साथ ही रिलीवर कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए गए।

प्रशासन ने बोर्ड को भेजी रिपोर्ट

अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसाराम सैनी ने बताया कि परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी का प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाने की घटना को लेकर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई बोर्ड के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

कांग्रेस और NSUI का प्रदर्शन

सोमवार को जैसलमेर में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले की एसओजी से निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की गिरफ्तारी और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।