राजस्थान के अलवर शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार में घरेलू विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। प्रसिद्ध उद्योगपति विजय डाटा के बेटे सौरभ डाटा और उनकी पत्नी शिखा डाटा ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज कराए हैं। जहां सौरभ ने पत्नी पर जबरन घर में घुसने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है, वहीं शिखा ने ससुराल पक्ष पर घर में आने-जाने से रोकने, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना करने और बुनियादी सुविधाएं बंद करने का आरोप लगाया है।

सौरभ डाटा ने कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2010 में शिखा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए थे। वर्ष 2019 में बेटी आनंदा के जन्म के बाद पत्नी का व्यवहार और अधिक तनावपूर्ण हो गया। उनका आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर वर्ष 2021 में पत्नी और बेटी को गुरुग्राम स्थित फ्लैट में शिफ्ट कर दिया गया। कारोबार अलवर में होने के कारण वह सप्ताह में चार दिन अलवर और तीन दिन गुरुग्राम में रहते थे।

 गुरुग्राम में रहने के बाद भी हालात नहीं सुधरे। इसी वजह से उन्होंने वर्ष 2025 में अलवर फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि बाद में रिश्ते सुधरने की उम्मीद में उन्होंने यह याचिका वापस ले ली, लेकिन परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं आया। उनका कहना है कि इसके बाद वह केवल बेटी से मिलने गुरुग्राम जाते थे।

शिकायत में सौरभ ने यह भी आरोप लगाया कि 4 जून 2026 को शिखा अचानक अलवर स्थित पैतृक घर पहुंचीं और जबरन घर में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान उनके माता-पिता से भी विवाद हुआ। उन्होंने दावा किया कि घटना के बाद शिखा ने घर के वीडियो बनाकर कई लोगों को भेजे और उनके खिलाफ झूठी शिकायतें भी कीं।

दूसरी ओर, शिखा डाटा ने आईजी राहुल प्रकाश और अलवर एसपी सुधीर चौधरी को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन्हें उनके ही घर में आने-जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से उन्हें और उनकी नौकरानी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। शिखा का आरोप है कि मंगलवार रात उनके कमरे की बिजली बंद कर दी गई और रसोई गैस का कनेक्शन भी काट दिया गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शिखा ने कहा कि पुलिस पिछले दो दिनों से घर आ रही है और उन्होंने पहले मौखिक शिकायत दी थी, जिसके बाद आईजी और एसपी को भी लिखित शिकायत सौंपी। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच सामान्य वैवाहिक विवाद था, लेकिन अब मामला जिस तरह बढ़ गया है, वह स्वयं भी इससे हैरान हैं।

मामले में कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 डाटा परिवार अलवर के प्रमुख उद्योगपति परिवारों में शामिल है। परिवार का खाद्य तेल और वनस्पति घी का बड़ा कारोबार है। उनकी प्रमुख कंपनी विजय सॉल्वेक्स लिमिटेड देशभर में स्कूटर और ओलिगो ब्रांड के खाद्य तेल एवं उत्पादों के लिए जानी जाती है। ऐसे प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार में सामने आए इस पारिवारिक विवाद की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।