अलवर। राजस्थान के अलवर शहर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 25 वर्षीय तलाकशुदा युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवती ने अपनी सहेली को फोन कर कहा था, "आज के बाद मैं कभी नजर नहीं आऊंगी।" इसके कुछ ही देर बाद उसने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के बुध विहार की है। पुलिस ने मामले में युवती के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान पूजा राजपूत (25) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब छह महीने पहले उसका पति रवि राजपूत से तलाक हुआ था। शादी से उसके दो बच्चे हैं, जो फिलहाल अपने पिता के साथ रहते हैं।
बताया जा रहा है कि पूजा पिछले करीब दो वर्षों से अलवर के चूड़ी मार्केट में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान सोनू नाम के युवक से हुई, जो पास की ही एक दुकान पर काम करता था। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों बुध विहार में किराए का कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
शनिवार को किसी बात को लेकर पूजा और सोनू के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद पूजा ने अपनी सहेली शैली को फोन किया और कहा कि वह उससे आखिरी बार बात कर रही है और अब कभी नजर नहीं आएगी। फोन रखने के बाद उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
पूजा की हालत बिगड़ने पर उसका प्रेमी सोनू और उसकी सहेलियां उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने प्रेमी सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पूजा का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में चार बहनें और एक भाई हैं, जिनमें एक भाई और एक बहन अभी अविवाहित हैं। परिवार का पालन-पोषण उसकी मां घरों में झाड़ू-पोंछा और अन्य घरेलू काम करके करती हैं। पूजा की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।