बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों दोस्त देर रात बाइक से घर लौट रहे थे, तभी निर्माणाधीन पुल के पास सड़क किनारे बने करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में उनकी बाइक जा गिरी। सुनसान इलाका होने के कारण रातभर किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। गंभीर चोटों से दोनों युवक वहीं तड़पते रहे और आखिरकार दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह राहगीरों ने गड्ढे में बाइक और दोनों के शव देख पुलिस को सूचना दी।

यह हादसा राजतालाब थाना क्षेत्र के भापोर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माणाधीन पुल के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को गड्ढे से बाहर निकाला।

घर लौटते समय हुआ हादसा

राजतालाब थाना के एएसआई अब्दुल हकीम के अनुसार, वडली पाड़ा भापोर निवासी पंकज (20) पुत्र कालिया निनामा और सुनील (21) पुत्र राजू दायमा सोमवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जब वे भापोर रोड स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचे तो अंधेरे में सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे और नाले का अंदाजा नहीं लगा सके। इससे बाइक असंतुलित होकर सीधे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में दोनों युवकों को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आसपास सुनसान इलाका होने के कारण उन्हें समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी और रातभर तड़पने के बाद दोनों की मौत हो गई।

सुबह राहगीरों ने देखा मंजर

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों की नजर गड्ढे में गिरी बाइक और दोनों युवकों के शवों पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।

रातभर इंतजार करता रहा परिवार

परिजनों ने बताया कि दोनों युवक सोमवार रात करीब 8 बजे घर से निकले थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार को चिंता होने लगी। पूरी रात परिजन उनके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन सुबह हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया।

शव देखकर फूट-फूटकर रोए परिजन

घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे। गड्ढे में पड़े शवों को देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वे शवों को बाहर निकाले जाने तक गड्ढे के पास से हटने को तैयार नहीं थीं। ग्रामीणों के अनुसार, रात में ही दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी और सुबह तक उनके शव अकड़ चुके थे।

परिजनों के मुताबिक, पंकज मध्यप्रदेश के जावरा में काम करता था और करीब आठ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। वह परिवार में सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई और एक बहन हैं। वहीं सुनील केरल में मजदूरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही घर आया था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। दोनों युवक अविवाहित थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण निर्माणाधीन पुल के पास बना गहरा गड्ढा और अंधेरा माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।