इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने बुधवार को सीए इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया। परिणाम घोषित होते ही देशभर के हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया। इस बार जयपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
जयपुर के दिव्यांश जैन ने ऑल इंडिया 8वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, आस्था गोयल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 37वीं रैंक प्राप्त की है।
वेबसाइट पर जारी हुआ परिणाम
मई 2026 में आयोजित सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब अपना परिणाम आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। छात्र अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर की सहायता से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आईसीएआई ने परिणाम पूरी तरह ऑनलाइन जारी किए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को घर बैठे ही रिजल्ट देखने की सुविधा मिली है।
मई में हुई थीं परीक्षाएं
सीए इंटरमीडिएट ग्रुप-1 की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई 2026 को आयोजित की गई थीं। वहीं ग्रुप-2 की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई को संपन्न हुई थीं।
सभी परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गईं। परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्रश्नपत्र में 30 अंकों के मल्टीपल चॉइस प्रश्न (MCQ) और 70 अंकों के वर्णनात्मक (Descriptive) प्रश्न शामिल थे।
जयपुर के छात्रों ने बढ़ाया गौरव
सीए जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि माना जाता है। दिव्यांश जैन की ऑल इंडिया 8वीं रैंक और आस्था गोयल की 37वीं रैंक ने न केवल जयपुर बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है।
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और परिजनों ने भी विद्यार्थियों की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है।
सीए बनने का सपना देख रहे हजारों छात्रों के लिए यह उपलब्धि प्रेरणा का स्रोत बनेगी।