राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (RUCTA) के एक कार्यक्रम में बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विधायकों और सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर तीखी टिप्पणी की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा मंत्रियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

‘मुझसे भी गलती हुई, कुछ बेईमान लोगों को अच्छी जगह बैठा दिया’

कार्यक्रम में डोटासरा ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान उनसे भी कुछ गलतियां हुई थीं। उन्होंने RUCTA से माफी मांगते हुए कहा कि वे कुछ लोगों को सही तरीके से पहचान नहीं पाए और चार-पांच ऐसे लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर दिया जो बाद में भरोसे पर खरे नहीं उतरे।

उन्होंने कहा कि RUCTA के प्रतिनिधि बार-बार उन्हें आगाह करते थे, लेकिन उस समय वे नए-नए शिक्षा मंत्री बने थे और उन्हें लगता था कि सभी लोग ईमानदारी से काम करेंगे।

‘जो जैसा करेगा, उसका हिसाब बराबर करना होगा’

डोटासरा ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीतिक माहौल चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई कर्मचारी सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के समर्थन में टिप्पणी कर दे तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ में आ गया है कि जो जैसा व्यवहार करेगा, उसके साथ वैसा ही व्यवहार करना होगा।

‘खच्चर खरीद रहे हो और नाम दे रहे हो ऑपरेशन टाइगर’

बीजेपी पर हमला बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर की गई टिप्पणी पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि गहलोत ने लोकतंत्र के क्षरण की बात कही थी, लेकिन बीजेपी ने उसे गलत तरीके से पेश किया।

डोटासरा ने कहा, "वे कहते हैं कि यह ऑपरेशन टाइगर है। अरे भाई, खच्चर खरीद रहे हो और नाम दे रहे हो ऑपरेशन टाइगर। हमारे शेखावाटी में तो सड़ा हुआ प्याज भी इतनी सस्ती कीमत में नहीं बिकता, जितनी सस्ती कीमत में बीजेपी विधायक और सांसद खरीद रही है।"

शिक्षा मंत्रियों की योग्यता पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य सरकार के शिक्षा विभाग को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा मंत्री ऐसे व्यक्ति को बनाया गया है जिसे शिक्षा का 'श' तक नहीं पता, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री को उच्च शिक्षा की समझ नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक मंत्री से जब उनका विभाग पूछा गया तो वे उच्च शिक्षा मंत्री होने के बावजूद खुद को परिवहन मंत्री बता बैठे। डोटासरा ने कहा कि जिन लोगों को शिक्षा के क्षेत्र की समझ नहीं है, उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

कार्यक्रम में गरमाई सियासत

RUCTA के मंच से दिए गए डोटासरा के इन बयानों के बाद राजस्थान की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। उनके 'ऑपरेशन टाइगर' और शिक्षा मंत्रियों को लेकर दिए गए बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं।