अलवर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई, जहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब डेढ़ घंटे तक आतंक मचाया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
परिवार को हथियार के बल पर बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। जैसे ही असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश बाहर निकले, छत के रास्ते से घुसे बदमाशों ने उनकी कनपटी पर कट्टा लगा दिया। इसके बाद पत्नी और बेटे को भी हथियार के बल पर बंधक बना लिया गया।
बेटे पर हमला, रस्सियों से बांधा पूरा परिवार
बदमाशों ने विरोध करने पर बेटे प्रिंस (14) के सिर पर बैट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने पूरे परिवार के हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और मारपीट की। घर में मौजूद 8 साल की बेटी नव्या इस दौरान सो रही थी।
20 तोला सोना और नकदी लेकर फरार
लुटेरों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी से करीब 20 तोला सोने-चांदी के जेवर और 30 से 40 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के दौरान बदमाश किचन में आम खाते और परिवार को धमकाते भी नजर आए।
स्कूल बस आई तो बदमाशों ने रोका रास्ता
घटना के दौरान स्कूल बस भी बच्चों को लेने पहुंची, लेकिन बदमाशों ने ड्राइवर को वापस भेज दिया और बच्चों को घर से बाहर नहीं जाने दिया। करीब सवा सात बजे वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए।
छत के रास्ते आने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाश पास के खाली मकान की छत के रास्ते घर में घुसे थे और घटना के बाद वहीं से फरार हो गए। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
एएसपी दीपक कुमार ने बताया कि तीनों बदमाश मास्क और ग्लव्स पहनकर आए थे। परिवार से जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।