जयपुर। राजधानी जयपुर में एक पारिवारिक विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर दंपती के बीच चल रहे विवाद में पत्नी ने अमेरिका से भारत लौटने के बाद अपनी 8 वर्षीय बेटी की कस्टडी के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वहीं, ससुराल पक्ष का आरोप है कि बहू के पिता और चाचा रिश्तेदार की शादी का बहाना बनाकर घर से बहू के साथ-साथ परिवार के पैतृक सोने के गहने ले गए और बाद में उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में ससुर ने 17 जुलाई को बिंदायका थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे की शादी वर्ष 2014 में बेंगलुरु निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन करीब आठ साल बाद बहू अचानक अपने मायके चली गई और वहीं रहने लगी।

शादी में जाने के बहाने ले गए गहने

शिकायत में बताया गया है कि दिसंबर 2023 में बहू के पिता और चाचा जयपुर आए और रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए उनके घर पर ठहरे। जनवरी 2024 में उन्होंने सिकंदराबाद में पारिवारिक शादी का हवाला देते हुए बहू की ज्वेलरी और कुछ पैतृक गहने शादी में पहनने के लिए मांगे। परिवार ने भरोसा करते हुए गहने उन्हें दे दिए।

बाद में जानकारी मिली कि शादी में बहू की मां ने वही गहने पहने थे। इसके बाद जब गहने वापस नहीं लौटाए गए तो विवाद और बढ़ गया।

अमेरिका चली गई बहू, लौटकर भेजा कोर्ट नोटिस

ससुराल पक्ष का आरोप है कि इसके बाद बहू अपनी बेटी के साथ नौकरी के सिलसिले में अमेरिका चली गई। करीब दो साल बाद मार्च 2026 में वह भारत लौटी, लेकिन जयपुर स्थित ससुराल नहीं आई और पति से भी बातचीत बंद कर दी।

इसके कुछ समय बाद 25 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष को बेंगलुरु कोर्ट से नोटिस मिला। नोटिस में बहू ने अपनी 8 वर्षीय बेटी की कस्टडी की मांग की थी। साथ ही यह भी दावा किया कि उसके गहने अभी भी ससुराल वालों के पास हैं।

गहने लौटाने से इनकार का आरोप

ससुर ने आरोप लगाया कि नोटिस मिलने के बाद जब उन्होंने बहू के मायके पक्ष से गहने वापस मांगे तो उन्होंने उन्हें लौटाने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, जिन गहनों की बात की गई है उनमें सोने का रानीहार, मंगलसूत्र, कमरबंद, बाजूबंद, हथफूल, सात अंगूठियां, दो कड़े, दो चूड़ियां, चेन-पेंडेंट सेट, कान की जोड़ियां, टीका समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं।

पुलिस कर रही जांच

बिंदायका थाना पुलिस ने ससुर की शिकायत के आधार पर बहू के पिता और चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला फिलहाल अदालत और पुलिस, दोनों स्तर पर विचाराधीन है। ऐसे में दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।