जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी (Junior Law Officer-JLO), जयपुर विकास प्राधिकरण भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह भर्ती 12 पदों के लिए होगी। परीक्षा जयपुर जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख, परीक्षा केंद्र पर प्रवेश, पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
आयोग के अनुसार परीक्षा के एडमिट कार्ड 23 जुलाई 2026 को आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर Recruitment Portal के माध्यम से भी एडमिट कार्ड प्राप्त किए जा सकते हैं।
दो दिन, दो पारियों में होगी परीक्षा
JLO भर्ती परीक्षा 26 और 27 जुलाई को दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक प्रश्नपत्र में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे
आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। इसलिए अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को रंगीन प्रिंट वाला मूल आधार कार्ड साथ लाना होगा। यदि आधार कार्ड पर लगी फोटो पुरानी या स्पष्ट नहीं है, तो अभ्यर्थी अन्य वैध मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम रंगीन फोटो लगाना अनिवार्य होगा। स्पष्ट फोटोयुक्त पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
दलालों और फर्जीवाड़े से रहें सावधान
RPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा में पास कराने के नाम पर किसी दलाल, मीडिएटर या समाजकंटक के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति रिश्वत मांगता है या परीक्षा में सफलता दिलाने का प्रलोभन देता है, तो उसकी जानकारी प्रमाण सहित आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 और 2635255 पर दें।
नकल पर आजीवन कारावास तक का प्रावधान
आयोग ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2022 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति कुर्क किए जाने जैसी सजा का प्रावधान है।
गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर न रहें
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा केंद्र की जानकारी के लिए केवल Google Maps पर निर्भर न रहें। तकनीकी कारणों से कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन गलत या अस्पष्ट दिखाई दे सकती है। ऐसे में अभ्यर्थी परीक्षा दिवस से पहले अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए पते के अनुसार परीक्षा केंद्र का सत्यापन कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।