जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार शाम एक दंपती ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी और फिर खुद भी टांके (पानी के टैंक) में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को इस सामूहिक आत्महत्या और हत्या का संभावित कारण माना है।

 रविवार शाम करीब 7:30 बजे जसराज (30) और उसकी पत्नी निरमा (28) ने पहले अपने बेटे भरत (10) और बेटी मनीषा (5) को घर के पास बने 18 फीट गहरे टांके में फेंक दिया। इसके बाद दोनों ने भी उसी टांके में छलांग लगाकर जान दे दी।

बड़े भाई ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सके

रामदेवरा थाना अधिकारी देवकिशन ने बताया कि जसराज के बड़े भाई घनश्याम का घर पास में ही है। बच्चों के रोने और पानी में गिरने की आवाज सुनकर वह तुरंत मौके पर दौड़े। उन्होंने जसराज को टांके के पास देखा और उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह भी टांके में कूद चुका था।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। टांका करीब 18 फीट गहरा था और उसका मुंह काफी छोटा होने के कारण लोगों को चारों को बाहर निकालने में करीब 15 मिनट की मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी को लोहारकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

बर्थडे पार्टी से लौटे थे दोनों बच्चे

मृतक के चचेरे भाई नगाराम ने बताया कि रविवार को पड़ोस में एक बच्चे का जन्मदिन था। भरत और मनीषा शाम करीब 7 बजे बर्थडे पार्टी से अपने घर लौटे थे। घर आने के लगभग आधे घंटे बाद ही यह दर्दनाक घटना हो गई। बच्चों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया।

100 बीघा जमीन का मालिक था जसराज

परिजनों के अनुसार, जसराज पहले फर्नीचर बनाने का काम करता था और करीब तीन साल तक इस व्यवसाय से जुड़ा रहा। हालांकि पिछले तीन महीने से वह घर पर ही था। परिवार के पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि थी, जबकि तीनों भाइयों के पास मिलाकर लगभग 300 बीघा जमीन है। ऐसे में आर्थिक तंगी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। जसराज की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और उसके दो बच्चे थे।

पारिवारिक विवाद की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पोकरण डीएसपी बुद्धाराम सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पोकरण अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

थाना अधिकारी देवकिशन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।