बर्थडे पार्टी से लौटे बच्चे... फिर ऐसा क्या हुआ कि 30 मिनट में चार लोगों की चली गई जान?
बर्थडे पार्टी से हंसते-खेलते घर लौटे दो मासूमों की कुछ ही देर बाद दर्दनाक मौत हो गई। जैसलमेर में माता-पिता ने पहले दोनों बच्चों को टांके में फेंका और फिर खुद भी जान दे दी। 100 बीघा जमीन के मालिक इस परिवार के साथ ऐसा क्या हुआ, इसका जवाब पुलिस पारिवारिक कलह के एंगल से तलाश रही है। पूरे इलाके में इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार शाम एक दंपती ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी और फिर खुद भी टांके (पानी के टैंक) में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को इस सामूहिक आत्महत्या और हत्या का संभावित कारण माना है।
रविवार शाम करीब 7:30 बजे जसराज (30) और उसकी पत्नी निरमा (28) ने पहले अपने बेटे भरत (10) और बेटी मनीषा (5) को घर के पास बने 18 फीट गहरे टांके में फेंक दिया। इसके बाद दोनों ने भी उसी टांके में छलांग लगाकर जान दे दी।