जोधपुर। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (NEET) को लेकर जोधपुर में दोबारा आयोजित होने वाली री-नीट परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा का आयोजन 21 जून को शहर के 46 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
री-नीट परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर जैमरों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गलत इस्तेमाल की संभावना को रोका जा सके। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें पूरे परीक्षा आयोजन की निगरानी करेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों और निरीक्षण टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी प्रशासन ने व्यवस्थाएं की हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे की ओर से एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की गई है, जिससे बाहर से आने वाले छात्र समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे और परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें। पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि री-नीट परीक्षा का आयोजन उन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, जिनमें कुछ अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का अवसर दिया गया है। जोधपुर में परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।