जोधपुर। शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में हुई सिगरेट चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जवाहर खाना रोड स्थित एक दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए की सिगरेट चोरी की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बीकानेर निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 जून की रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया था। देर रात बदमाश शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखे सिगरेट के पैकेट व बंडल चोरी कर लिए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 5 लाख 70 हजार 100 रुपए बताई गई है। वारदात के बाद आरोपी चोरी के सामान को प्लास्टिक के कट्टों में भरकर मौके से फरार हो गए।
दुकान मालिक संजय लालवानी ने बताया कि वह रात करीब 11:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात पुलिस से सूचना मिली कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचने के बाद जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो पूरी घटना सामने आई। फुटेज में कुछ युवक दुकान के अंदर सामान निकालते और कुछ बाहर निगरानी करते नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में फरमान उर्फ लक्की, पीयूष रावत, सोयल, करण ढोली और सद्दाम हुसैन शामिल हैं। सभी आरोपी बीकानेर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी के माल की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी किसी चोरी की घटना में शामिल रहे हैं या नहीं। सीसीटीवी ने खोला चोरी का राज, पुलिस की कार्रवाई से वारदात का हुआ खुलासा