जोधपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां अजय चौक स्थित आलोक पब्लिक स्कूल के पास एक स्कॉर्पियो सवार ने तंग गलियों में तेज गति से वाहन दौड़ाते हुए पहले एक खड़ी कार को टक्कर मारी और फिर पैदल जा रहे युवक को भी चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गुजरात नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो शहर की संकरी गलियों में दाखिल हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। इसी दौरान अजय चौक क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक कार को टक्कर मार दी।
कार को टक्कर मारने के बाद भी चालक नहीं रुका और तेजी से वाहन दौड़ाता रहा। गली में मोड़ लेते समय वहां से गुजर रहे एक युवक को भी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक दीवार से जा टकराया। हालांकि राहत की बात यह रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों ने लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली थानाधिकारी अनिल यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी चल रही है।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।