जोधपुर। शहर में आगजनी की घटनाओं के बाद नगर निगम ने फायर सेफ्टी नियमों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत प्रतापनगर क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ इंटरनेशनल होटल को सीज कर दिया गया। नगर निगम की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल के मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा किया और उसे बंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार होटल में सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान फायर सेफ्टी से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। होटल संचालक की ओर से फायर एनओसी भी नहीं ली गई थी। निगम अधिकारियों के अनुसार नियमों की पूर्ति के लिए होटल प्रबंधन को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कमियों को दूर नहीं किया गया
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घासिया के नेतृत्व में टीम होटल पहुंची। टीम ने निरीक्षण के बाद कार्रवाई करते हुए होटल को सीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जब तक फायर सेफ्टी सिस्टम और जरूरी अनुमति पूरी नहीं की जाती, तब तक होटल बंद रहेगा।
शहर में आग की घटना के बाद शुरू हुआ अभियान
कुछ समय पहले जोधपुर के पावटा क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके बाद नगर निगम ने अस्पतालों, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच का अभियान शुरू किया। जांच के दौरान जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी दिए गए थे नोटिस
फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक होटल को फायर सेफ्टी मानकों को पूरा करने के लिए पहले नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर निगम ने सख्त कदम उठाया।
अधिकारियों ने साफ किया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए फायर सेफ्टी नियमों का पालन जरूरी है। नियम पूरे होने के बाद ही होटल को दोबारा खोलने की अनुमति दी जाएगी।