नीमकाथाना। पाटन थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये और जेवरात हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी सुनिता देवी के रूप में हुई है।

पाटन थाना अधिकारी रमेश कुमार मीणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। थाना अधिकारी ने बताया कि पाटन थाना क्षेत्र के रैया का बास निवासी प्रकाशचंद ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके भाई बनवारी की शादी करवाने का झांसा देकर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने सुनिता नामक महिला से विवाह कराने का भरोसा दिलाया और शादी के खर्चे के नाम पर विभिन्न बैंक खातों तथा ऑनलाइन माध्यमों से लाखों रुपये जमा करवाए।

शिकायत के अनुसार 2 फरवरी 2026 को सुनिता ने बनवारी से विवाह कर लिया और उसके घर पर रहने लगी। विवाह के बाद भी वह समय-समय पर अलग-अलग बहानों से परिवार से रुपये मंगवाती रही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को जब परिवार के सदस्य खेत पर फसल कटाई के लिए गए हुए थे, तब सुनिता घर में रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई।

परिवार ने आरोप लगाया कि महिला संदूक तोड़कर करीब 3.22 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला राजस्थान और मध्यप्रदेश में अविवाहित अथवा शादी के इच्छुक पुरुषों को निशाना बनाती थी। वह पहले शादी का झूठा भरोसा देकर लोगों का विश्वास जीतती और बाद में रुपये तथा जेवरात लेकर फरार हो जाती थी।

पुलिस को आशंका है कि इस पूरे गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो ऐसे मामलों में महिलाओं के जरिए लोगों को जाल में फंसाते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।