शादी का झांसा देकर दूल्हे के घर से नकदी-जेवर लेकर भागी महिला गिरफ्तार
नीमकाथाना के पाटन थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये और जेवरात हड़पने वाली महिला को गिरफ्तार किया है।
नीमकाथाना। पाटन थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये और जेवरात हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी सुनिता देवी के रूप में हुई है।
पाटन थाना अधिकारी रमेश कुमार मीणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। थाना अधिकारी ने बताया कि पाटन थाना क्षेत्र के रैया का बास निवासी प्रकाशचंद ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके भाई बनवारी की शादी करवाने का झांसा देकर कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने सुनिता नामक महिला से विवाह कराने का भरोसा दिलाया और शादी के खर्चे के नाम पर विभिन्न बैंक खातों तथा ऑनलाइन माध्यमों से लाखों रुपये जमा करवाए।
शिकायत के अनुसार 2 फरवरी 2026 को सुनिता ने बनवारी से विवाह कर लिया और उसके घर पर रहने लगी। विवाह के बाद भी वह समय-समय पर अलग-अलग बहानों से परिवार से रुपये मंगवाती रही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को जब परिवार के सदस्य खेत पर फसल कटाई के लिए गए हुए थे, तब सुनिता घर में रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई।