प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जिला बालोतरा में एक विशेष कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर की पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूजा गुरनानी उपस्थित रहीं, जबकि सह-संयोजक एवं सभापति सुमित्रा जैन ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला के दौरान महिलाओं को कम तेल का उपयोग कर पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन बनाने की विधियां बताई गईं। इसके माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ईंधन की बचत करने तथा उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने का संदेश दिया गया। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न व्यंजनों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. कविता राजपुरोहित ने महिलाओं को संतुलित आहार, पोषणयुक्त भोजन और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए खान-पान में संतुलन और नियमित दिनचर्या बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उषा चौहान एवं सीता चौधरी ने सह-संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्रहित, महिला विकास और समाज कल्याण के संदेश के साथ किया गया।