दिल्ली से पंजाब जा रही ट्रेन में लॉजिस्टिक कंपनी के कर्मचारी से करीब 3 करोड़ रुपए कीमत के सोने के गहनों की सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। वारदात हरियाणा के फतेहाबाद जिले के जाखल रेलवे स्टेशन पर हुई, जब कर्मचारी पानी पीने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा। इसी दौरान बदमाश गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मामले की जांच के बाद हरियाणा जीआरपी और राजस्थान के झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपए के सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं, जिन्हें जमीन में गाड़कर छिपाया गया था। हालांकि, करीब 1 करोड़ रुपए के गहने अभी भी बरामद नहीं हो सके हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 जून की है। लॉजिस्टिक कंपनी का कर्मचारी नरेंद्र सिंह दिल्ली से बठिंडा के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था। उसके पास कंपनी के करीब 3 करोड़ रुपए कीमत के सोने के गहने थे। ट्रेन जब जाखल रेलवे स्टेशन पर रुकी तो नरेंद्र सिंह पानी लेने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान पहले से मौके की तलाश में बैठे बदमाश उसकी सीट से गहनों से भरा बैग उठाकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी ऋषभ पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में काम करता था। उसे कंपनी के सुरक्षा इंतजाम, गहनों की पैकिंग, सप्लाई का समय और ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम की पूरी जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि उसने करीब दो महीने तक रेकी की और फिर अपने साथियों गोविंद और बबलू के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रची।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात के बाद आरोपी राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद हरियाणा एसआईटी और नवलगढ़ पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। 7 और 10 जुलाई को डेरावाली ढाणी में दबिश देकर ऋषभ और गोविंद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी बबलू को भी नवलड़ी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने गहनों का आपस में बंटवारा कर लिया था। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने नवलगढ़ के कल्याणपुरा गांव स्थित तालाब के पास एक मंदिर के नजदीक जमीन में गड्ढा खोदकर गहने छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां खुदाई कर करीब 2 करोड़ रुपए के सोने के गहने बरामद कर लिए।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और करीब 1 करोड़ रुपए कीमत के गहने भी बरामद होने बाकी हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी गहनों की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।