राजधानी जयपुर के गणगौरी गेट स्थित पीली का अखाड़ा में एक सब-इंस्पेक्टर पर पहलवान के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि दूध गर्म करके लाने से मना करने पर एसआई ने पहलवान का गला दबाया, उसके साथ मारपीट की और डंबल से सिर पर वार कर घायल कर दिया।

पीड़ित पहलवान मुकेश जाट (26) निवासी सरदारशहर, चूरू ने कोतवाली थाने में आरोपी एसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। घटना शनिवार रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुकेश गणगौरी गेट स्थित पीली का अखाड़ा में रहकर कुश्ती की तैयारी करता है। आरोप है कि जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात एसआई देशराज (28) शनिवार देर रात अखाड़े में पहुंचा और सो रहे मुकेश को लात मारकर उठाया। इसके बाद उसने दूध गर्म करके लाने को कहा।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जब मुकेश ने इसका विरोध किया तो एसआई ने उसका गला दबाया और धमकाते हुए कहा कि यदि अखाड़े में रहना है तो ऐसे काम करने पड़ेंगे। विरोध जारी रखने पर आरोपी ने थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एसआई ने लोहे का डंबल उठाकर मुकेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। इसके बाद भी आरोपी ने उसे लात-घूंसों से पीटना जारी रखा। शोर सुनकर अखाड़े में मौजूद अन्य साथी मौके पर पहुंचे और मुकेश को आरोपी से छुड़वाया।

घटना के बाद घायल पहलवान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि आरोपी एसआई देशराज खेल कोटे से पुलिस सेवा में आया है और वर्तमान में जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित एक ही स्थान पर रहते हैं तथा किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।