कोटा शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर खड़ी एक बाइक को कुछ ही सेकंड में चोरी कर ले गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी ताराचंद लोधा ने अपनी मोटरसाइकिल रोज की तरह घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात करीब 1 बजे एक चोर मौके पर पहुंचा और महज 30 सेकंड के भीतर बाइक का लॉक तोड़कर वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना स्थल के पास पूर्व पार्षद सोनू धाकड़ के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी पहले इलाके की रेकी करता है और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद बाइक चोरी कर लेता है।

सीसीटीवी फुटेज में तीन से चार संदिग्ध युवक भी दिखाई दे रहे हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी की इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और वाहन चोर गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।