राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 (RPSC SI Re-Exam) की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पेपर लीक के चलते रद्द हुई इस परीक्षा का आयोजन अब 20 सितंबर 2026 को किया जाएगा। इस अहम परीक्षा में प्रदेश भर से लगभग 2.18 लाख अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए RPSC अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने सुरक्षा का कड़ा खाका तैयार किया है।
17 सितंबर को जारी होंगे एडमिट कार्ड
आयोग की तरफ से अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) 17 सितंबर 2026 को जारी कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट या अपने SSO पोर्टल (SSO ID) पर लॉग-इन करके एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में ही परीक्षा केंद्र के शहर और सटीक लोकेशन की जानकारी मिलेगी।
परीक्षा का समय और पारियों का विवरण
यह री-एग्जाम एक ही दिन में दो अलग-अलग पारियों में आयोजित किया जाएगा:
-
प्रथम पारी (सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक): सामान्य हिंदी (General Hindi)
-
द्वितीय पारी (दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक): सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान (GK & General Science)
OMR शीट को लेकर नया और सख्त नियम: 5वां गोला अनिवार्य
इस बार परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को OMR शीट भरते समय खास सावधानी बरतनी होगी। नए नियमों के मुताबिक:
-
प्रत्येक प्रश्न के जवाब में अब 4 की जगह 5 विकल्प दिए जाएंगे।
-
यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे अनिवार्य रूप से 5वां गोला (अनुत्तरित प्रश्न) भरना होगा।
-
खाली छोड़ने पर नेगेटिव मार्किंग या उम्मीदवारी रद्द होने का खतरा रहेगा।
-
इस अतिरिक्त काम के लिए अभ्यर्थियों को हर पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
कड़ी सुरक्षा: बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन से होगी एंट्री
आयोग के अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। डमी अभ्यर्थियों और नकलचियों पर नकेल कसने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं:
-
प्रवेश का समय: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
-
नो एंट्री: परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी हाल में एंट्री नहीं मिलेगी।
-
जांच प्रक्रिया: केंद्र पर HHMD (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर), फेस रिकग्निशन (Face Recognition) और सघन बायोमेट्रिक (थंब इंप्रेशन) ऑथेंटिकेशन के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
-
सख्त कार्रवाई: नकल या फर्जीवाड़े की कोशिश करते पकड़े जाने पर 'राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022' के तहत कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
11 जिलों में बनाए गए 666 परीक्षा केंद्र
इस बड़ी परीक्षा को संपन्न कराने के लिए राजस्थान के 11 जिलों में कुल 666 सेंटर्स स्थापित किए गए हैं। सबसे अधिक 187 परीक्षा केंद्र राजधानी जयपुर में बनाए गए हैं। इसके अलावा जोधपुर (81), अजमेर (74), उदयपुर (64), भरतपुर (58), कोटा (58), अलवर (48), बीकानेर (47), हनुमानगढ़ (23), टोंक (16) और श्रीगंगानगर में 10 केंद्र बनाए गए हैं।
फ्लैशबैक: क्यों हो रहा है री-एग्जाम?
आपको बता दें कि उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती-2021 का मूल विज्ञापन 3 फरवरी 2021 को निकला था, जिसमें लगभग 7.97 लाख युवाओं ने आवेदन किया था। पूर्व में यह परीक्षा 13 से 15 सितंबर 2021 के बीच हुई थी, जिसमें 3 लाख 83 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लेकिन पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद सरकार ने इसे रद्द कर दिया। 8 मई 2025 को इसके री-एग्जाम का फैसला लिया गया, जिसमें अब सभी आवेदकों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई है।