अगर आप भी अक्सर अपनी गाड़ी में एसी (AC) चलाकर आराम करने या सोने के आदी हैं, तो यह खबर आपको सावधान करने के लिए है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बेहद दर्दनाक और आंखें खोल देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट बैंक के लोन मैनेजर की खड़ी कार में एसी चलाकर सोने के दौरान दम घुटने (Suffocation) से मौत हो गई।

मैनेजर पिछले दो दिनों से लापता थे और उनका फोन बंद आ रहा था। मंगलवार (9 जून) की रात घरवालों ने गगनपथ पर उनकी कार को ढूंढ निकाला और शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

2 दिन से बंद था मोबाइल, सर्चिंग के दौरान मिली कार

जवाहर नगर थाना प्रभारी (SHO) देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश सुथार (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रायसिंहनगर के रहने वाले थे। मुकेश मीरा चौक स्थित आईडीएफसी (IDFC) बैंक शाखा में लोन मैनेजर के पद पर तैनात थे। वे सोमवार (8 जून) की सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल बंद होने के कारण परिवार वाले उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे।

मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे गगनपथ पर एक स्कूल के पास आइसक्रीम पार्लर के बाहर परिवार वालों को मुकेश की कार खड़ी दिखाई दी। कार के गेट अंदर से पूरी तरह लॉक थे और मुकेश ड्राइविंग सीट पर बेसुध पड़े थे। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने कार के शीशे तोड़े, लेकिन तब तक मुकेश की मौत हो चुकी थी।

कार के अंदर मिलीं बीयर की कैन, दम घुटने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान अंदर से बीयर की 4 खाली और 2 भरी हुई कैन बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को तुरंत अस्पताल की मॉर्च्युरी (शवगृह) में रखवाया है।

थाना प्रभारी ने बताया:

CNG कार बनी मौत का फंदा?

परिजनों के मुताबिक, मुकेश का काम लोन से जुड़ा होने के कारण उन्हें अक्सर फील्ड में बाहर रहना पड़ता था और कई बार वे देर रात घर लौटते थे। परिवार ने किसी भी तरह के घरेलू विवाद से साफ इनकार किया है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि मुकेश की कार सीएनजी (CNG) से चलती थी। संभवतः वे गर्मी के कारण कार का एसी चालू करके अंदर ही सो गए होंगे। सीएनजी कार में गैस लीक होने या ऑक्सीजन की कमी के चलते कार के अंदर ही उनका दम घुट गया। आपको बता दें कि मुकेश की शादी 4 साल पहले हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।