भूलकर भी न करें ये गलती! श्रीगंगानगर में कार का AC चलाकर सोए बैंक मैनेजर की दर्दनाक मौत; शीशा तोड़कर निकाली लाश
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 2 दिन से लापता आईडीएफसी बैंक के लोन मैनेजर की कार के अंदर लाश मिलने से सनसनी फैल गई है।
अगर आप भी अक्सर अपनी गाड़ी में एसी (AC) चलाकर आराम करने या सोने के आदी हैं, तो यह खबर आपको सावधान करने के लिए है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बेहद दर्दनाक और आंखें खोल देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट बैंक के लोन मैनेजर की खड़ी कार में एसी चलाकर सोने के दौरान दम घुटने (Suffocation) से मौत हो गई।
मैनेजर पिछले दो दिनों से लापता थे और उनका फोन बंद आ रहा था। मंगलवार (9 जून) की रात घरवालों ने गगनपथ पर उनकी कार को ढूंढ निकाला और शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला।
2 दिन से बंद था मोबाइल, सर्चिंग के दौरान मिली कार
जवाहर नगर थाना प्रभारी (SHO) देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश सुथार (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रायसिंहनगर के रहने वाले थे। मुकेश मीरा चौक स्थित आईडीएफसी (IDFC) बैंक शाखा में लोन मैनेजर के पद पर तैनात थे। वे सोमवार (8 जून) की सुबह घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल बंद होने के कारण परिवार वाले उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे।