उदयपुर, 18 दिसंबर 2025: राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वेश्यावृत्ति के रैकेट का पर्दाफाश किया है। गोगुंदा थाना क्षेत्र के सायरा पदराडा गांव में स्थित इंद्रप्रस्थ होटल में मुखबिर की गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल से 32 युवकों और 8 युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई गिर्वा सर्कल के DSP गोपाल सिंह चंदेल के नेतृत्व में की गई। टीम में गोगुंदा थाना और सायरा थाने की पुलिस फोर्स भी शामिल रही। पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामग्री, कई वाहन, मोबाइल फोन, शराब की बोतलें और नकदी जब्त की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि होटल संचालक ने होटल को किराए पर लेकर अवैध वेश्यावृत्ति का धंधा चला रहा था। बाहर से युवतियां बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध करवाया जा रहा था।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में गोगुंदा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
उदयपुर पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि शाम 4 बजे वे स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तार से खुलासा करेंगे। एसपी गोयल ने कहा कि पर्यटन शहर की छवि को धूमिल करने वाले ऐसे अवैध धंधों पर पुलिस की पैनी नजर है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई उदयपुर पुलिस की सक्रियता का उदाहरण है, जहां हाल के महीनों में कई होटलों और रिसॉर्ट्स में इसी तरह के रैकेट पकड़े गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक-युवतियां विभिन्न जिलों और राज्यों से हैं, जिनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।