मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक वैन में किए गए विस्फोट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में आयोजक, क्रेन मालिक और प्रदर्शन में शामिल दो युवकों समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, 23 जून की रात बड़नगर के अड़ान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की सहायता से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया। वैन की छत पर खड़े दो युवक लाल झंडे लहराते नजर आए। कुछ देर बाद वैन में विस्फोट जैसा दृश्य दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में जिस वैन को लटकाया गया था, उस पर 'ले फिर आ गए' लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर विवाद भी शुरू हो गया। हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना पर आपत्ति जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। वहीं हिंदू जागरण मंच ने भी पूरे मामले की जांच कराने और यह स्पष्ट करने की मांग की कि इस तरह की गतिविधि के लिए अनुमति दी गई थी या नहीं।

उज्जैन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) करनदीप सिंह ने बताया कि मामले में आयोजक शोएब खान, प्रदर्शन में शामिल तालीम खान और जाहिद खान तथा क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 285, 286 और 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार मोहर्रम जुलूस की अनुमति प्रशासन द्वारा दी गई थी, लेकिन किसी भी प्रकार के विस्फोटक के उपयोग की अनुमति नहीं थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विभिन्न अखाड़ों के बीच प्रदर्शन को आकर्षक बनाने और अधिक भीड़ व सोशल मीडिया व्यूज हासिल करने की होड़ में यह गतिविधि की गई।

ASP ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि घटना में दीपावली के दौरान इस्तेमाल होने वाले रॉकेट्स का उपयोग किया गया था। कई रॉकेट्स को एक साथ चलाया गया, जिससे बंद वैन के भीतर गैस और दबाव बढ़ गया। बाद में कांच टूटने के साथ दबाव बाहर निकला, जिसके कारण वीडियो में धमाके जैसा दृश्य दिखाई दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।