अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजस्थान के जैसलमेर में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। जैसलमेर मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर खुहड़ी के रेतीले धोरों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सैकड़ों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में जयपुर से आए योग विशेषज्ञों ने विभिन्न योग आसनों का अभ्यास करवाया।

योगाभ्यास शुरू होने से पहले उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लाइव सुना। इसके बाद रेगिस्तान के मनोरम धोरों में योग सत्र शुरू हुआ, जिसमें पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खुहड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा

यह आयोजन न केवल योग के प्रचार के लिए महत्वपूर्ण रहा, बल्कि खुहड़ी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सम की तरह खुहड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य बने। पर्यटन व्यवसायी हरिसिंह का कहना है कि सम में पर्यटन सीजन के दौरान भीड़ बेकाबू हो जाती है। यदि खुहड़ी को एक व्यवस्थित विकल्प के रूप में विकसित किया जाए, तो पर्यटकों का दबाव संतुलित होगा और उन्हें एक नया अनुभव भी मिलेगा।

खुहड़ी की लहरदार रेतीली बनावट सम से कम नहीं है, और यहां तक पहुंच भी उतनी ही सुगम है। मुख्यमंत्री की इस यात्रा से खुहड़ी को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।