बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हेमासर फांटे के पास ट्रक और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में करीब दो बजे हुआ, जब हरियाणा नंबर की एक कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बताया कि कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से छह लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं और हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और घायल बच्ची को तुरंत श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि परिवार बीकानेर के मुकाम स्थित बिश्नोई समाज के गुरु जम्भेश्वर महाराज के समाधि स्थल के दर्शन कर वापस हरियाणा लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद सभी शवों को श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।